ट्रंप और पीएम मोदी की बात, २५ से १८ फ़ीसदी किया टैरिफ़ ट्रंप नरम, टैरिफ कम

 अमेरिका और भारत के बीच व्यापार समझौते के तहत अमेरिका ने भारत के लिए टैरिफ को 25% से घटाकर 18% कर दिया है. इस बारे में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जानकारी दी है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना दोस्त बताया और कहा कि हमने फोन पर व्यापार और रूस-यूक्रेन के साथ युद्ध खत्म करने समेत कई मुद्दों पर चर्चा की. भारत के साथ ट्रेड डील के बारे में जानकारी देते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा, `आज भारत के प्रधानमंत्री मोदी से बात करना मेरे लिए सम्मान की बात थी. वह मेरे सबसे करीबी दोस्तों में से एक हैं और अपने देश के एक शक्तिशाली और सम्मानित नेता हैं. हमने व्यापार और रूस-यूक्रेन युद्ध को खत्म करने समेत कई मुद्दों पर चर्चा की.

` ट्रंप ने अपने पोस्ट में ये भी दावा किया कि भारत ने रूस से तेल की खरीद को बंद कर दिया है और अमेरिका व संभवतः वेनेजुएला से अधिक तेल खरीदने पर सहमत हुए. इससे यूक्रेन में चल रहे युद्ध को समाप्त करने में मदद मिलेगी, जिसमें हर हफ्ते हजारों लोग मारे जा रहे हैं! उन्होंने पीएम मोदी को अपना दोस्त बताते हुए कहा, `प्रधानमंत्री मोदी के प्रति मित्रता और सम्मान के कारण और उनके अनुरोध पर, तत्काल प्रभाव से हमने अमेरिका और भारत के बीच एक व्यापार समझौते पर सहमति व्यक्त की, जिसके तहत अमेरिका रेसिप्रोकल टैरिफ को 25% से घटाकर 18% कर देगा.

इसी तरह भारत भी अमेरिकी वस्तुओं पर अपने टैरिफ और गैर-टैरिफ बैरियर्स को जीरो करने की दिशा में कदम उठाएगा.` ट्रंप ने आगे कहा कि मोदी ने बाय अमेरिकन नीति को बहुत ऊंचे स्तर पर अपनाने की प्रतिबद्धता जताई है. भारत अमेरिका से 500 अरब डॉलर से अधिक की ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, कृषि, कोयला और अन्य अमेरिकी उत्पाद खरीदेगा. ट्रंप ने कहा, `हमारा भारत के साथ अद्भुत संबंध और मजबूत होगा. मोदी और मैं ऐसे दो लोग हैं जो काम करवाते हैं जो ज्यादातर लोगों के बारे में नहीं कहा जा सकता.`

साझेदारी को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगेः पीएम मोदी

अमेरिका के भारत पर टैरिफ घटाए जाने के फैसले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुशी जताई है. उन्होंने बताया कि डोनाल्ड ट्रंप से फोन पर हुई बातचीत के बाद दोनों देशों के बीच एक महत्वपूर्ण व्यापार समझौते की घोषणा हुई है. ये कदम दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग को मजबूत करेगा और व्यापारिक संबंधों को बढ़ावा देगा.

इससे पहले ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए कहा कि मोदी के अनुरोध पर तुरंत प्रभाव से अमेरिका भारत से आयातित वस्तुओं पर रिसिप्रोकल टैरिफ को 25% से घटाकर 18% कर रहा है. ट्रंप के टैरिफ घटाने के ऐलान पर खुशी जताते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा, `आज मेरे प्रिय मित्र राष्ट्रपति ट्रंप से बात करके बहुत अच्छा लगा. ये जानकर बेहद खुशी हुई कि अब भारत में निर्मित उत्पादों पर टैरिफ घटकर 18% हो जाएगा. इस शानदार घोषणा के लिए भारत की 140 करोड़ जनता की ओर से राष्ट्रपति ट्रंप को बहुत-बहुत धन्यवाद.` मोदी ने आगे कहा, `जब दो बड़ी अर्थव्यवस्थाएं और दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र एक साथ मिलकर काम करते हैं तो इससे हमारे लोगों को लाभ होता है और पारस्परिक रूप से लाभकारी सहयोग के अपार अवसर खुलते हैं.` पीएम ने ट्रंप के नेतृत्व को दुनिया में शांति और स्थिरता के लिए महत्वपूर्ण बताया है. पीएम ने कहा, `वैश्विक शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए राष्ट्रपति ट्रंप का नेतृत्व अत्यंत महत्वपूर्ण है. भारत शांति के लिए उनके प्रयासों का पूर्ण समर्थन करता है. मैं उनके साथ मिलकर काम करने और हमारी साझेदारी को अभूतपूर्व ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए उत्सुक हूं.`

Post a Comment

0 Comments