ईरान में धमाके, 5 की मौत, 14 घायल

 

ईरान इस समय भारी दबाव में है. उसे बाहरी सैन्य खतरे, नए अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों और देश के अंदर बढ़ते संकट का सामना करना पड़ रहा है. इसी बीच ईरान के अहवाज़ शहर में एक रिहायशी इमारत में विस्फोट हुआ. हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 14 लोग घायल हो गए.

हालांकि धमाके की वजह गैस लीकेज बताई गई. वहीं, अमेरिका ने पहली बार ईरान से जुड़े क्रिप्टोकरेंसी एक्सचेंजों पर प्रतिबंध लगाए हैं. यह कदम ईरान की वित्तीय नेटवर्क और IRGC से जुड़े लेनदेन को रोकने का प्रयास है. अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को चेतावनी दी है कि अगर वह न्यूक्लियर डील पर वापस नहीं आता तो “समय खत्म होने वाला है.” ट्रंप ने किसी संभावित सैन्य कार्रवाई से पहले एक गुप्त डेडलाइन तय करने की बात कही है.

उन्होंने ईरान के सामने दो शर्तें रखीं हैं जिनमें “परमाणु कार्यक्रम बंद करना” और “प्रदर्शनकारियों पर हिंसा रोकना.” शामिल है. वहीं, यूरोपीय संघ ने ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स यानी IRGC को आतंकवादी संगठन घोषित कर दिया है और कई लोगों और संस्थाओं पर नए प्रतिबंध लगाए हैं. उधर, ईरान के विदेश मंत्री ने कहा है कि देश बातचीत के लिए तैयार है, लेकिन जरूरत पड़ी तो युद्ध के लिए भी पूरी तरह तैयार है.

इस बीच ईरान ने अपनी सेना में 1,000 नए ड्रोन शामिल किए हैं और हॉरमुज स्ट्रेट में सैन्य अभ्यास का ऐलान किया है. देश के अंदर हालात और खराब हैं. प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई में हजारों लोगों की मौत की खबरें हैं और बड़ी संख्या में गिरफ्तारियां हुई हैं. साथ ही इस्फहान के परमाणु ठिकाने की सुरक्षा भी बढ़ाई जा रही है. ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के बीच, अमेरिकी प्रशासन ने इजरायल और सऊदी अरब को बड़ी मात्रा में हथियारों की बिक्री की मंजूरी दी है. असोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप प्रशासन ने इज़राइल को कुल 6.67 बिलियन डॉलर के हथियार बेचने की अनुमति दी है, जबकि सऊदी अरब को 9 अरब डॉलर के हथियारों की बिक्री की मंजूरी दी गई है.

Post a Comment

0 Comments